बीकानेर. ऊर्जा की बचत करने वाले बिजली के उपकरणों को लगाने पर विद्युत निगम अपने उपभोक्ताओं को बिल पर पांच प्रतिशत छूट देता है लेकिन जानकारी के अभाव में ऐसे कई उपभोक्ता इस लाभ से वंचित हैं। सीएफएल विद्युत उपकरणों और ऊर्जा की बचत के दूसरे तरीकों का इस्तेमाल करने के बावजूद उपभोक्ता घोषित छूट नहीं ले पा रहे हैं।
इसे देखते हुए विद्युत निगम ने इस योजना के संबंध में फिर से उपभोक्ताओं को जागृत करने की कार्ययोजना बनाई है। हालांकि विभाग ने ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के तहत भी ऊर्जा-बचत करने वाले उपकरणों को बांटने की घोषणा की लेकिन सामान्य गतिविधियों में ही सप्ताह निकाल दिया गया। पिछले दिनों निगम के सीएमडी भुवनेशचंद्र माथुर ने बताया कि सोलर हीटर, सीएफएल ट्यूब्स आदि का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को एनर्जी-सेविंग में सहयोगी मानते हुए उन्हें बिल में पांच प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान रखा गया है।
विदित रहे कि निगम विद्युत को आपूर्ति के लिए पड़ोस के राज्यों से बिजली लेनी पड़ रही है। यह बिजली महंगे दामों में मिलने के बाद भी पूरे राज्य में कटौती चल रही है। ऐसे में निगम का मानना है कि अगर उपभोक्ता एनर्जी-सेविंग के लिए वैकल्पिक ऊर्जा का इस्तेमाल करे तो निगम द्वारा दूसरे राज्यों से खरीदी जाने वाली बिजली की मात्रा में कमी आ सकती है। इस पक्ष को देखते हुए यह योजना बनाई गई है।
सीएमडी माथुर के अनुसार अगर कोई व्यक्ति अपने घर की बिजली बचाने के लिए सीएफएल ट्यूब्स या वैकल्पिक ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहा है तो उसे विद्युत निगम में संपर्क करना चाहिए। अगर निगम के निर्धारित मापदंडों में उपभोक्ता खरा उतरता है तो उसे बिल की राशि में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
लोड हो रहा है...